रंग लाया गिरिराज सिंह का प्रयास, बेगूसराय में जगी हवाई सेवा शुरू होने की आशा

बेगूसराय: बिहार सरकार द्वारा राज्य के 18 हवाई अड्डे पर हेलीपैड बनाने की घोषणा से बेगूसराय वासियों में भी हवाई सेवा शुरू होने की आशा जग गई है। बिहार के इस 18 हवाई अड्डों की सूची में बेगूसराय पहले स्थान पर है।
केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह के लगातार प्रयास, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे पत्र के बाद राज्य सरकार ने बिहार के 18 हवाई अड्डे पर 22 हेलीपैड बनाने की बात कही है, इसमें बेगूसराय प्रथम पायदान पर है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पिछले दिनों नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर इस संबंध में ठोस उपाय करने का आग्रह किया था। राज्य सरकार पर लगातार नागर विमानन मंत्रालय द्वारा जमीन उपलब्ध कराने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गिरिराज सिंह ने पत्र लिखकर भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
जिससे वहां पर ढांचागत विकास का काम नागर विमानन मंत्रालय शुरू करा सके। इस संबंध में पिछले दिनों बेगूसराय के जिलाधिकारी को रिपोर्ट भी मांगा गया था। गिरिराज सिंह के ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर राज्य सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति काम आई। सोमवार को पुनः इसके लिए प्रयास करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जमीन उपलब्ध कराने के लिए नागर विमानन मंत्रालय के द्वारा कहा गया।
भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि अमरेन्द्र कुमार अमर ने कहा कि विकास के कार्यों को प्रक्रियात्मक रूप से आगे बढ़ाने पर परिणाम दिखता है। यही कारण है कि आज उलाव हवाई अड्डा का सपना केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के प्रयास से हकीकत में दिखाई दे रहा है। इससे बेगूसराय के साथ-साथ करीब आधे दर्जन जिलों का संपर्क और विकास की गति तीव्र होगी।
हवाई अड्डे के निर्माण से बिहार की औद्योगिक राजधानी बेगूसराय राष्ट्रीय पटल पर विकास का नया मॉडल लेकर उपस्थित होगा। उलाव हवाई अड्डा को क्षेत्रीय सम्पर्कता योजना आरसीएस-उड़ान में शामिल कर यात्री सुविधा विकसित करने के लिए सबसे पहले हमने 13 जुलाई 2021 को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को पत्र लिखकर निवेदन किया था। इसके आलोक में 14 जुलाई को गिरिराज सिंह ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उलाव हवाई अड्डा के संबंध में पत्र लिखा।
13 दिसम्बर 2022 को गिरिराज सिंह ने नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा। 14 फरवरी 2023 को नागर विमानन मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार को आगाह करने के आलोक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। 14 फरवरी को ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उलाव हवाई अड्डा सहित 18 हवाई अड्डा को भवन निर्माण विभाग को सुपुर्द करते हुए आवश्यक भूमि एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
दो वर्षों के लगातार प्रयास का प्रतिफल है कि आज बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा को उड़ान योजना में शामिल कर चालू करने की आसा जगी है। प्रक्रियात्मक रूप से लगातार प्रयास करने से ही कोई भी काम संभव होता है, यह इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। गिरिराज सिंह के इस पहल का भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षाविद, अधिवक्ता एवं अन्य संगठनों ने इसे बेगूसराय के विकास में मील का पत्थर बताया है।