गीता बनी बखरी नगर परिषद की मुख्य पार्षद, ज्ञानती को उप मुख्य पार्षद की कमान

बेगूसराय: 30 दिसम्बर (हि.स.)। बखरी नगर परिषद के मुख्य पार्षद पद पर एक बार फिर गीता कुशवाहा ने जीत दर्ज कर ली है। गीता कुशवाहा को 5969 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे ज्योति कुमारी को 4685 मत प्राप्त हुए। जबकि उपमुख्य पार्षद पद पर ज्ञानती देवी ने जीत हासिल किया है, ज्ञानती देवी को 4874 मत एवं दूसरे स्थान पर रहे संध्या केसरी को 4652 मत मिले।
जिला मुख्यालय के जीडी कॉलेज परिसर में संपन्न मतगणना के बाद मुख्य पार्षद पद पर जीत हासिल करने वाले गीता देवी तथा उपमुख्य पार्षद ज्ञानती देवी सहित सभी निर्वाचित पार्षदों को निर्वाची पदाधिकारी-सह-बखरी एसडीओ बखरी अशोक कुमार गुप्ता के द्वारा प्रमाण पत्र भी दिया गया। 27 वार्ड वाले बखरी नगर परिषद के पार्षद पद पर 17 महिला प्रत्याशी तथा दस पुरुष उम्मीदवार ने जीत हासिल किया है।
बखरी नगर परिषद चुनाव में शुक्रवार को हुई मतगणना के बाद चार निवर्तमान वार्ड पार्षद ही अपनी सीट बचाने में सफल हुए है। जबकि इस चुनाव में दावेदारी देने वाले शेष निवर्तमान पार्षद को हार का सामना करना पड़ा। निवर्तमान पार्षदों में अपनी सीट बचाने वाले प्रत्याशियों में वार्ड संख्या-एक की पिंकी कुमारी, वार्ड संख्या-दो की आलम आरा, वार्ड संख्या-दस के मंजू देवी, वार्ड संख्या-पांच के अनारसी देवी शामिल है। विजय निवर्तमान पार्षदों में अनारसी तथा मंजू तीसरी बार तथा पिंकी एवं आलम आरा लगातार दूसरी बार वार्ड पार्षद पद पर निर्वाचित घोषित हुए हैं।