गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू:बेगूसराय में जुटेंगे BJP कार्यकर्ता, गिरिराज सिंह सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

लखीसराय में 29 जून को आयोजित होने वाले गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में बेगूसराय के हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इससे पहले बेगूसराय में सोमवार को भाजपा के द्वारा विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित कई बड़े नेता भाग लेंगे। दरअसल, केंद्र सरकार के 9 साल बेमिसाल के तर्ज पर 30 मई से 30 जून तक चलाए जा रहे भाजपा के द्वारा कार्यक्रम को लेकर पूर्व विधान पार्षद रजनीश कुमार और भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित किया था।
क्या बोले पूर्व विधान पार्षद
पूर्व विधान पार्षद रजनीश कुमार ने कहा कि भारत सरकार के 9 साल पूरे होने पर भाजपा के द्वारा 30 दिवसीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार के द्वारा किए जा रहे विकास योजनाओं के बारे में जन-जन तक जानकारी पहुंचाना है। इसी कड़ी में 27 जून को बेगूसराय हर्ष गार्डन में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी, बेगूसराय सांसद केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, राज्य सभा सांसद राकेश सिंह सहित अन्य बड़े नेता शामिल होंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन में जिला से लेकर पंचायत स्तर तक के भाजपा कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। 29 जून को बिहार के लखीसराय जिले में एक विशाल जनसभा का आयोजन होगा, जिसमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में बेगूसराय से 10 हजार से लेकर 25 हजार कार्यकर्ताओं के जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर भाजपा सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर, भाजपा महामंत्री कृष्ण कुमार पप्पू , बीरेश कुमार, कुंदन कुमार, शुभम कुमार समेत कई भाजपा नेता उपस्थित थे।