Bihar BJP President: भाजपा ने दी सम्राट चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, बिहार का बनाया नया प्रदेश अध्यक्ष

Bihar BJP President: भाजपा ने गुरुवार को बिहार भाजपा के नए अध्यक्ष की घोषणा की है। विधानपरिषद के सदस्य सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सम्राट चौधरी को तत्काल प्रभाव से बिहार भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सम्राट चौधरी डॉ. संजय जायसवाल की जगह लेंगे। बता दें कि एनडीए की सरकार में सम्राट चौधरी पंचायती राज विभाग के मंत्री थे।
भाजपा ने लोकसभा 2024 के चुनाव को देखते हुए सम्राट चौधरी को बिहार की कमान सौंपी है। सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से आते हैं। वे लगातार नीतीश कुमार पर जुबानी हमला बोलते आए हैं। विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के बाद उन्हें ये नई जिम्मेदारी दी गई है।
कहा जा रहा है कि उन्हें नीतीश कुमार के सामने भाजपा ने उतारा है। वे कुशवाहा वोट काटने में कारगर साबित हो सकते हैं।
नगर विकास और पंचायती राज समेत कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं सम्राट
सम्राट चौधरी के राजनीतिक जीवन की बात करें तो वो बिहार में लालू यादव, राबड़ी देवी, नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी की सरकार में नगर विकास और पंचायती राज विभाग के अलावा कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
पिता शकुनी चौधरी की भी राजनीति में पैठ
सम्राट चौधरी मूलतः मुंगेर जिले के लखनपुर के रहने वाले हैं। उनका खगड़िया से अटूट रिश्ता रहा है। उनकी राजनीतिक कर्मभूमि खगड़िया रही है। सम्राट के पिता शकुनी चौधरी खगड़िया के सांसद रह चुके हैं। सम्राट खुद खगड़िया जिले के परबत्ता विधान सभा से दो बार विधायक रह चुके हैं।
वे साल 2000 में पहली बार परबत्ता से विधायक चुने गए थे। हालांकि, साल 1990 से सक्रिय राजनीति में शामिल होने के साथ वे हमेशा से चर्चा में रहे हैं।
लालू सरकार में बने कृषि मंत्री पर छोड़ना पड़ा पद
19 मई 1999 को सम्राट चौधरी पहली बार मंत्री बने थे। लालू प्रसाद के शासनकाल में वे कृषि मंत्री बनाए गए थे लेकिन उम्र से अयोग्य होने के कारण उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा।
उन्होंने 2000 में पहली बार परबत्ता विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, बाद के चुनाव में उन्हें हार का समाना करना पड़ा था। 2010 में वे फिर से राजद से विधायक निर्वाचित हुए।
2010 में उन्हें बिहार विधानसभा में विपक्षी दल का मुख्य सचेतक बनाया गया। साल 2014 में वे राजद छोड़कर जदयू में शामिल हो गए। 2 जून 2014 को बिहार सरकार में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री बनाए गए। फिर, जीतन राम मांझी की सरकार में भी मंत्री बने। उसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए। 2018 में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए थे।