Road Accident: बहन की बर्थडे पार्टी मना कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

थाना क्षेत्र के अहमदपुर खजूरी फोरलेन के पास सोमवार को हुई सड़क हादसे में बहन की बर्थडे पार्टी मना कर मित्र के साथ लौट रहे एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सुरो गांव के विनोद कुमार चौधरी का पुत्र विशाल कुमार चौधरी (25 वर्ष )के रूप में की गई है। जबकि उसके मित्र की पहचान इसी गांव के मनोज साह का पुत्र संतोष साह (25 वर्ष) बताया गया है।
संतोष का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। वहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विशाल के बहन का बर्थडे मनाने मित्र संतोष के साथ बहन की ससुराल चक लाल शाही धरमपुर गया हुआ था। रात बर्थडे पार्टी मनाने के बाद सोमवार को विशाल अपने मित्र संतोष के साथ बाइक से वापस बेगूसराय लौट रहा था। इसी दौरान सरायरंजन अहमदपुर खजूरी गांव के पास फोरलेन पर उसकी बाइक पीछे से ट्रक ने ठोकर मार दिया।
इस घटना में विशाल और संतोष गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों के सहयोग से सरायरंजन पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से विशाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल भेजा गया। लेकिन रास्ते में ही विशाल की मौत हो गई। सरायरंजन थाना अध्यक्ष रवि कांत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस को मौके पर भेजा गया है। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया गया है।