Begusarai Accident: भाई की एक्सीडेंट की खबर पर निकले दो भाइयों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा वेंटिलेटर पर

शाम्हो बेगूसराय। बेगूसराय से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक भाई के एक्सीडेंट होने की खबर पर दो भाई मदद के लिए निकल पड़े लेकिन रास्ते में दोनों का एक्सीडेंट हो गया। एक भाई ने दम तोड़ दिया तो दूसरा अस्पताल में जिंदगी मौत से जंग लड़ रहा है।
तीनों भाई शाम्हो थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी स्व. सेवक साव के पुत्र हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब ग्यारह बजे बोलेरो गाड़ी चालक सन्नी साव ने बेगूसराय से अपने घर सोनवर्षा फोन किया। उसने भाइयों को बताया कि बरात से लौटते समय उसकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया।
एक्सीडेंट की खबर सुनते ही दोनों भाई सोनवर्षा गांव से भाई की मदद के लिए निकल पड़े लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के खगड़िया बेगूसराय उच्च पथ पर मल्हीपुर शालीग्राम मोड़ के पास करीब दो बजे रात में ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक चालक भाई सूरज साव (24 साल) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मुकेश कुमार (27 साल) बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी मौत से जूझ रहा है। मुकेश अपने ही बहनोई का बोलेरो चलाता था।
इस घटना से सोनवर्षा स्थित मृतक के घर पर कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घर अन्य सदस्य गुरुवार सुबह-सुबह बेगूसराय निकल गए।
होली से पहले गांव में छाया मातम
गांव में सबके जुबान पर इस घटना की चर्चा है। घर पर पहुंचे सलहा सैदपुर बरारी पंचायत संख्या एक के पंसस सदस्य मोनित पासवान ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह बाद होने वाली होली पर्व से पहले इस तरह की घटना से गांव का माहौल गमगीन हो गया है।