10 साल के बच्चे को दो बार सांप ने डसा, याददाश्त गई अब सांप की तरह फुफकारता और जीभ निकालता है

सांप काटने के बाद एक दस साल का बच्चा जहां अपनों को पहचान नहीं पा रहा है। वही उसकी हरकत सांप जैसी हो गई है। वह सांप जैसा जीभ निकाल कर बिलबिलाता है साथ ही फुफकारता है। बच्चे की हरकत से परिजन सहित चिकित्सक भी हैरान हैं। हालांकि बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। साथ ही उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मामला बरौनी प्रखंड के हरिपुर का है। दरअसल नाग पंचमी की रात हरिपुर में 10 साल के एक बच्चे को विषैले सांप ने डस लिया। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता सिकंदर दास ने इस संबंध में बताया कि 10 साल का पुत्र सुमित कुमार नाग पंचमी की रात अपने घर में सोया हुआ था। तभी रात 2 बजे कुछ काट लेने की शिकायत अपनी मां से की तो पास में ही एक विषैला बड़ा सांप मिला। जिसके बाद घरवालों ने सांप को पकड़ लिया। साथ ही बच्चे को इलाज के लिए रात में ही सदर अस्पताल ले आए। बच्चे की मां ने बताया कि सांप ने दो बार बच्चे को डसा था। सदर अस्पताल में चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।
पिछले साल नागपंचमी के पांच दिन बाद दादी को सांप ने डसा था
परिजनों ने बताया कि विडंबना है कि पिछले साल नाग पंचमी के दिन बच्चे की दादी आशा बहू हीरा देवी को भी नाग पंचमी के पांच दिन बाद रात में सांप ने डस लिया था। तब झाड़-फूंक के चक्कर में दो घंटे बीत जाने के बाद अस्पताल आते ही उसकी मौत हो गई थी। इस बार फिर नाग पंचमी के दिन बच्चे को सांप ने डस लिया जिससे न सिर्फ उसकी याददाश्त चली गई है बल्कि वह सांपों के जैसा लक्षण कर रहा है। अभी सदर अस्पताल के आईसीयू वार्ड में बच्चे का इलाज चल रहा है। सुमित कुमार पांचवी क्लास का छात्र है। जानकारी के अनुसार रात में बच्चे के अस्पताल आने पर चिकित्सकों ने सामान्य सांप काटने का इलाज शुरू किया था। हालांकि बाद जब परिजनों ने सांप की तस्वीर दिखाई और वह गेहुंअन निकलता तब इलाज का तरीका बदला गया जिसके बाद बच्चे की हालत में कुछ सुधार हुआ है।