Begusarai Crime: घर में अकेली थी छात्रा, मनचलों ने गैंग रेप कर मार डाला; गले में फंदा डाल शव वहीं लटका दिया

बेगूसराय में मनचलों ने हैवानियत की हद पार कर दी। घर में सातवीं की छात्रा को अकेली देख मनचलों ने उसका गैंग रेप किया और उसकी हत्या कर घर मे ही शव लटका दिया। मामला नटबाबा स्थान के पास का है। शुक्रवार को एक किशोरी का शव घर के बल्ले से लटका पाया गया। उसके कपड़े फटे थे और गले पर जख्म के निशान मिले।
परिजनों ने बताया कि किशोरी की मां अपने बच्चों को लेकर गेहूं काटने खेत गई हुई थी। किशोरी घर में खाना बनाने के लिए रुक गई थी। किशोरी काफी देर तक घर में अकेली थी। इसी बीच उसके साथ हैवानियत भरी वारदात को अंजाम दिया गया। खेत में काम कर रहा उसका भाई खाना लेने के लिए घर आया तो अपनी बहन को फंदे से लटका पाया। किशोरी के गले में साड़ी बांध कर घर के बल्ले में फंसा दिया गया था। हालांकि उसका पैर जमीन को छू रहा था।
बहन की ऐसी स्थिति देख भाई ने तुरंत फंदा खोल कर नीचे उतारा। वहां जुटे लोगों ने बताया कि मामला गैंगरेप का है। 3-4 मनचले लड़कों को वहां दोपहर में लोगों ने देखा था। आशंका है कि घर में लड़की को अकेली देख उसकी गैंगरेप की गई और बाद में उसकी गला दबा कर हत्या कर दी गई। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए सबों ने मिलकर उसे उसके ही घर में टांग दिया।
इस बीच सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष समरेन्द्र कुमार, एएसआई एके मिश्रा और महिला थाना बेगूसराय की इंस्पेक्टर अवंती कुमारी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि लड़की के गले और पीठ पर जख्म के निशान मिले हैं। उसके कपड़े भी फटे हुए हैं। शुरुआती जांच से लगता है कि लड़की के साथ मारपीट कर हत्या की गई है। दुष्कर्म की आशंका भी है। लड़की मध्य विद्यालय जगदर में पढ़ती थी। पिता दो वर्ष से परदेस हैं। मां भी कामकाजी है।