बेगूसराय के कुख्यात अपराधी प्रिंस को मारी गोली, कोर्ट में पेशी के बाद हुआ हमला

बेगूसराय: जरा सी बात पर कभी दूसरों को अपनी गोली का शिकार बनाने वाले कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार (Bihar Most Wanted Prince Kumar Death) की मौत हो गई है। शनिवार को कोर्ट की तारीख से लौटने के दौरान उसे बाइक से आए कुछ बदमाशों ने गोली मार दी थी। अचानक हुई फायरिंग में उसे संभलने का मौका नहीं मिला, गोली लगने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया। तुरंत ही उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उसकी जान चली गई। 28 साल के प्रिंस कुमार का लंबा-चौड़ा आपराधिक इतिहास रहा। उस पर आधा दर्जन से ज्यादा हत्या, लूट, रंगदारी के केस थे। पुलिस के साथ मुठभेड़ के भी कई मामले दर्ज थे। वो बेगूसराय के टॉप मोस्ट बदमाशों में शुमार था।
2013 में छात्र का अपहरण-मर्डर... और फिर चर्चा में आया प्रिंस
कहा जाता है कि अपराध की दुनिया में प्रिंस कुमार की एक समय तूती बोलती थी। वह हत्या की घटना को इस तरह से अंजाम देता था, जिससे लोगों में दहशत फैल जाए। जानकारी के अनुसार, जुलाई 2013 में एक छात्र के अपहरण और हत्या के बाद प्रिंस कुमार सुर्खियों में आया था। जिसके बाद यह लगातार आपराधिक वारदातों के चलते पुलिस की हिट लिस्ट में आ गया।
2013 में नगर थाना क्षेत्र के हेमरा में एक छात्र का अपहरण कर हत्या कर दी गई। बावजूद इसके पटना में करीब 8 लाख रुपये की फिरौती वसूल की गई थी। इस मामले में प्रिंस कुमार का नाम सामने आया था। इसके बाद नवंबर 2018 में बिहट के ज्वैलरी व्यवसाई गोपाल कुमार को रंगदारी नहीं देने पर गोली मारकर हत्या की गई। इसमें भी प्रिंस कुमार पर ही आरोप लगा था। ये कोई अकेले केस नहीं हैं इस तरह की वारदातों में उसका नाम शामिल था।
कैसे क्राइम की दुनिया में हुआ कुख्यात
अक्टूबर 2018 में नगर थाना क्षेत्र के हेमरा में दिनदहाड़े खदेड़ कर मोनू कुमार की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं रतनपुर में शक के आधार पर एक छात्र को किराए के मकान से खींच कर ले जाने और गोली मारकर हत्या का आरोप भी कुख्यात प्रिंस कुमार पर लगा। साल 2020 में मटिहानी थाना पुलिस ने जब छापेमारी की तो प्रिंस ने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी थी। इस कार्रवाई में उसे हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसी से अंदाजा लगा सकते हैं कि प्रिंस कुमार किसकदर बेखौफ हो गया था कि हत्या करना उसके लिए मामूली बात हो गई थी।
प्रिंस पर दर्ज थे हत्या-लूट समेत कई केस
प्रिंस कुमार पर बेगूसराय ही नहीं जिले के बाहर भी कई अपराधिक मामले दर्ज थे। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रिंस कुमार का लंबा चौड़ा अपराधिक इतिहास रहा। जिसमें हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट पुलिस के साथ एनकाउंटर के मामले दर्ज थे। बताया जाता है कि शनिवार को वह कोर्ट में आर्म्स एक्ट के एक मामले में तारीख कर अपने परिजनों के साथ गाड़ी से लौट रहा था। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु गांव में पेट्रोल पंप के पास वह पेट्रोल लेने रूका था। जैसे ही वह कार से पैसे देने के लिए नीचे उतरा तभी दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।
कोर्ट से लौटते समय बदमाशों ने प्रिंस को मारी थी गोली
बताया जा रहा कि बदमाशों ने बड़े शातिर अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। बाइक से आए बदमाशों में से एक ने प्रिंस कुमार के पास जाकर हल्की बातचीत की। इसी बीच बदमाशों ने मौका देखकर फायरिंग कर दी। उन्होंने प्रिंस कुमार को दो गोली मारी और फरार हो गए। कार में सवार परिजन जब तक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। अब प्रिंस की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। कहा जा रहा कि आपसी वर्चस्व को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि घटना में शामिल बदमाशों की पहचान करने का दावा पुलिस ने किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार छापेमारी में जुटी है।