Begusarai Firing News: प्रॉपर्टी विवाद में दो पक्षों में गोलीबारी, समझाने गई पुलिस पर हमला; SI समेत चार पुलिसकर्मी घायल

HighLights
- पूर्व मुखिया संजीव सिंह समेत दोनों पक्ष के लोग हिरासत में।
- पुलिस ने लाठी चार्ज कर मामला शांत कराया
बेगूसराय: मंगलवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के समीप स्थित एक विवादित मकान व दुकान के पास दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस भिड़ंत में दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के क्रम में एक पक्ष की तरफ से गोलीबारी की गई और भगदड़ मच गया।
बीच-बचाव कर रहे पुलिस वाले घायल
मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच बचाव का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष मारपीट करते रहे। बीच बचाव के क्रम में नगर थाना के एसआई अरुण कुमार सिंह, सिपाही विकास राम, राहुल कुमार वर्मा चोटिल हुए हैं। वहीं मारपीट में दोनों पक्ष से भी कई लोग घायल है।
नगर थाना पुलिस ने सिंहमा के पूर्व मुखिया संजीव सिंह समेत दोनों पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लिया है। सदर डीएसपी अमित कुमार नगर थाना पहुंच पूछताछ में लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हीरा लाल चौक के समीप फुलेना सिंह का विवादित मकान है। उक्त मकान में पूर्व मुखिया संजीव सिंह के भाई की दुकान है। इधर कुछ दिनों से आपसी विवाद में मकान के पानी कनेक्शन को काटा गया था, इसी बात को लेकर दोनों पक्ष में तनाव कायम था। मंगलवार की शाम फुलेना सिंह के समर्थक पूर्व मुखिया संजीव सिंह के भाई की दुकान खाली कराने पहुंचे थे लेकिन दोनों पक्ष में विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान ही एक पक्ष द्वारा गोलीबारी की गई, इससे मौके पर भगदड़ मची रही। जानकारी मिलते ही नगर थानाध्यक्ष रामनिवास के नेतृत्व में पुलिस बल ने मारपीट शांत कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष के लोग पुलिस के सामने भी मारपीट करते रहे।
पुलिस ने किया लाठी चार्ज
पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठी चार्ज कर मामला शांत कराया और मौके से दोनों पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि सिंहमा निवासी फुलेना सिंह ने उक्त मकान गंगा राम मारवाड़ी से खरीद की, इसके बाद पूर्व मुखिया संजीव सिंह ने भी गंगा राम मारवाड़ी के पुत्र ने उक्त मकान का निबंधन करा लिया। दोनों पक्ष में लंबे समय से विवाद चलता आ रहा है। निचले न्यायालय से होते हुए उक्त विवाद वर्तमान समय में उच्चतम न्यायालय में लंबित है।