आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका

बेगूसराय: बखरी थाना के बागवन गांव में गुरुवार की रात बदमाशों ने 18 वर्षीय प्रिंस कुमार की हत्या कर दी व शव को सड़क किनारे फेंक दिया। वह बागवन पंचायत के वार्ड नंबर- चार निवासी ललन वर्मा का पुत्र था। हत्या की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार को बखरी थाने की पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के रोते-बिलखते पिता ने बताया कि प्रिंस आर्मी की तैयारी कर था। गुरुवार की रात करीब आठ बजे घर से प्रिंस कुमार यह कह कर निकला था कि थोड़ी देर में घर वापस लौट जाएंगे। लेकिन, प्रिंस घर वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि तकरीबन नौ बजे रात में प्रिंस कुमार के द्वारा फोन करके बताया गया कि पापा दौड़कर आइये, मुझको मार रहा है। जब तक हमलोग घर से महज 200 मीटर की दूरी पर पहुंचे तो प्रिंस कुमार का शव सड़क पड़ा था व उसके शरीर पर मोबाइल पड़ा था। उन्होंने बताया कि किसी ने प्रिंस कुमार की हत्या कर शव को घर से 200 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे फेंक दिया। उन्होंने बताया कि प्रिंस की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। लेकिन, घर से प्रिंस को बगल का ही एक दोस्त बुलाकर ले गया था। परिजनों ने बताया कि प्रिंस कुमार अपने घर पर ही रह कर आर्मी की तैयारी किया करता था। घर का वह इकलौता चिराग था। उसका शव पहुंचने के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
बखरी थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने बताया कि संदेहास्पद स्थिति में युवक का शव सड़क किनारे मिला है। मृतक का नाखून पीला हो गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक की हत्या हुई है या जहर देकर या फिर किसी अन्य कारण से उनकी मौत हो गयी। मामले की जांच की जा रही है।