बेगूसराय में नहाने के दौरान डूबी महिला:अभी तक है लापता, स्थानीय गोताखोर कर रहे हैं तलाश

बेगूसराय में गंगा स्नान करने के दौरान एक महिला डूब गई। बताया जा रहा है कि वह स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गई। वहीं घटना के बाद से लोगों की भारी भीड़ गंगा तट पर जुटी हुई है और स्थानीय गोताखोर की मदद से शव की तलाश की जा रही है।
घटना की सूचना पर पहुंची बलिया पुलिस
वहीं पूरा मामला बलिया थाना क्षेत्र के भवानन्दपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि भवानंदपुर पंचायत के शिवनगर गंगा घाट पर गंगा स्नान करने के दौरान वार्ड संख्या 2 निवासी राम पदारथ महतो की 60 वर्षीय पत्नी राजमणी देवी नदी में डूब गई। फिलहाल स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से मृतक महिला के शव को ढूंढा जा रहा है। इधर घटना की सूचना पर बलिया पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। घटना के बाद से महिला के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव के सैकड़ों लोग गंगा घाट किनारे मौजूद हैं। बता दें कि बेगूसराय के बलिया प्रखंड क्षेत्र में हाल ही में करीब आधा दर्जन लोगों की मौत गंगा नदी में डूबने से हो गई, लेकिन इसके बाद भी प्रशासनिक स्तर पर इंतजाम नदारद दिख रहा है।