रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ का शव

बखरी, निज संवाददाता। पुलिस ने रेलवे ट्रैक से एक अधेड़ का शव बरामद किया है। मृतक का शव सलौना-खगड़िया रेलखंड के पुल संख्या 7 के ब्रह्मदेव नगर के तरफ से बरामद किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार को एक अधेड़ का शव रेलवे ट्रैक पर देखा गया। इसके बाद उसकी जानकारी स्थानीय स्टेशन प्रबंधक को दी गई। स्टेशन प्रबंधक द्वारा ट्रैक से शव को हटवाकर रेल यातायात को चालू कराया गया। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। स्थानीय थाने की पुलिस द्वारा शव को थाना लाया गया। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। मृतक की पहचान बहादुरपुर ओपी क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी स्व. भोला सिंह के 46 वर्षीय पुत्र जयनारायण सिंह के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी चंद्रकला देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसके पति की मानसिक स्थिति सही नहीं है। गुरुवार की सुबह घर से निकले थे। उसके बाद पति के शव के रेलवे ट्रैक पर होने की जानकारी मिली।