Begusarai News: ये सच है क्या: बेगूसराय डीएम को "फिक्स्ड रकम" पहुंचाते हैं नेहरू युवा केंद्र के लेखापाल !

बेगूसराय: भ्रष्टाचार की गंगोत्री में डुबकी लगा रहे सरकार के कारिंदों की करतूत जगजाहिर है लेकिन जब बड़े हाकिमों के साथ पर्दे के पीछे हो रही लेन-देन की सुनी सुनाई बातों के बीच ऐसी चीजों का सार्वजनिक प्रकटीकरण होने लगे तो संदेह स्वाभाविक है। बेगूसराय में संचालित नेहरू युवा केंद्र के लेखापाल पर संगीन आरोप चस्पा करते हुए स्वयंसेवकों ने कहा है कि बकौल लेखापाल, वे बेगूसराय के डीएम रोशन कुशवाहा को फिक्स्ड रकम पहुंचाते हैं इसलिए आपलोग लाखों आवेदन दे दें, उन पर कार्रवाई हो ही नहीं सकती है। इसी से बौखलाए स्वयंसेवकों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर डीएम को वस्तुस्थिति से अवगत कराने की बात की है।
अनैतिक और भ्रष्ट आचरण से विवादों के घेरे में है नेहरू युवा केंद्र
केंद्र सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है। केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा करोड़ों की राशि खर्च कर नेहरू युवा केंद्र स्वयंसेवकों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है किंतु बेगूसराय का नेहरू युवा केंद्र अपने अनैतिक कार्यों के लिए विवादों के घेरे में है। युवा केंद्र के लेखापाल एवं सफाई कर्मी के सामने नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी भी नतमस्तक हैं। नेहरू युवा केंद्र का कार्यक्रम युवाओं के लिए होता है लेकिन यहां युवाओं को दरकिनार कर 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर लाखों रुपए की फर्जी निकासी की जा रही है। इस संबंध में नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक रौशन कुमार ने कहा कि हम सभी युवा लेखापाल एवं युवा अधिकारी से मौखिक एवं लिखित आवेदन करते-करते परेशान हो गए हैं किंतु कार्रवाई के बदले उल्टे हमें ही धमकी दी जाती है। कभी-कभी तो लेखापाल यहां तक कहते हैं कि तुम्हें डीएम से शिकायत करना है तो कर दो, हम उन्हें भी पैसा पहुंचाते हैं इसलिए हम पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।
अंततः स्वयंसेवकों ने लिया है भूख हड़ताल करने का निर्णय
स्वयंसेवक विवेक कुमार एवं अनुराग कुमार ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु सैकड़ों कार्यक्रम आयोजित किया जाना है किंतु यहां के लेखापाल और सफाई कर्मी अपने चहेते लोगों से बिना सूचना के कार्यक्रम का आयोजन कर लेते हैं। वैसे लोग जो नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक भी नहीं हैं और जिनकी उम्र 40 साल है, वह नेहरू युवा केंद्र का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। जबकि निबंधित स्वयंसेवक उनसे कार्यक्रम की मांग करते रहते हैं। नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक वैभव एवं मृत्युंजय ने कहा कि आज युवा केंद्र जिले का सबसे खराब विभाग बनकर रह गया है। हम स्वयंसेवक जब कार्यालय जाते हैं तो बिना किसी पूर्व सूचना के पदाधिकारी कार्यालय से गायब रहते हैं और कार्यालय में ताला लगा रहता है। स्वयंसेवकों ने आक्रोशपूर्ण स्वर में कहा कि छह महीने से अधिक समय बीत गए लेकिन अब तक न ही क्लब का रजिस्ट्रेशन किया गया है और ना ही खेल की सामग्री युवाओं के बीच वितरित की जा रही है। लगभग 20 लाख से अधिक की खेल सामग्री सड़ने के कगार पर है। इसलिए इन तमाम समस्याओं से आजीज आकर हम नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक अब भूख हड़ताल करने को मजबूर हुए हैं। इसके पूर्व हमलोग जिला अधिकारी महोदय को ज्ञापन देकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।